नारनौल में शराब के नशे में कुएं में कूदे दो युवक, एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में शराब के नशे में कुएं में कूदे दो युवक, एक की मौत


नारनाैल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। नारनौल में मंगलवार सुबह शराब के नशे में दो युवक कुएं में कूद गए। एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। बताया जा रहा है कि दूसरा युवक पहले को बचाने के लिए कूदा था। सूचना मिलने के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला महल मिश्रवाड़ा में जनस्वास्थ्य विभाग का एक बुस्टिंग स्टेशन छोटा बड़ा तालाब के पास बना हुआ है। इस बुस्टिंग स्टेशन पर अकसर मोहल्ला महल व मिश्रवाड़ा के लोग बैठकर शराब पीते हैं। मंगलवार सुबह भी वहां पर बैठकर कुछ युवा शराब पी रहे थे। इनमें रविदास मंदिर के पास रहने वाला महेश कुमार नामक युवक तथा मोहल्ला मिश्रवाड़ा का सुखीराम नामक युवक शामिल था। शराब पीते-पीते अचानक रविदास मंदिर के पास रहने वाले महेश ने वहां पर बने पुराने कुएं में छलांग लगा दी। इसको देख सुखीराम ने भी उसके पीछे-पीछे छलांग लगा दी।

दोनों को छलांग लगाते देख वहां पर बैठे अन्य युवाओं ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों को कुएं से बाहर निकाला। जिसके बाद पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुखीराम नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है। इस घटना के बाद भाजपा नेत्री मंजू सोनी व स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कुएं पर जाली लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि कुएं के साथ यहां पर बावड़ी भी है। दोनों में ही पानी भरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story