महेंद्रगढ़ हकेवि में कुलपति ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ हकेवि में कुलपति ने दिलाई स्वच्छता की शपथ


नारनाैल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ में स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सहयोग से आयोजित रैली में कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षक, कर्मचारी और स्वच्छता सहयोगियों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और इसे लगातार बनाए रखने का संकल्प लिया। कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने नियमित रूप से स्वच्छता अभियानों में भागीदारी करने और आसपास के वातावरण को साफ रखने का आह्वान किया।

कुलपति ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाली गतिविधि नहीं है, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया है। इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी संदेश को अपनाने और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ सोच और जिम्मेदार नागरिकता का प्रतीक है।

उन्होंने अभियान में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और स्वच्छता सहयोगियों की सराहना की। साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रखने की बात कही। इस माैके पर डॉ. तरुण कुमार, प्रो. राजेंद्र प्रसाद मीणा, प्रो. रमेश कुमार, डॉ. नीरज कर्ण सिंह सहित विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और शोधार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story