नारनाैल में वाहन की टक्कर से किसान की मौत
रात को पैदल घर लौटते समय हुआ हादसा
नारनाैल, 06 जुलाई (हि.स.)। नारनौल क्षेत्र के गांव सुराना में रविवार रात हुए सड़क हादसे में 52 वर्षीय किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव सुराना निवासी सतबीर के रूप में हुई है। वह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात सतबीर एनएच-11 पर स्थित सुराना मोड़ के पास पैदल अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल किसान को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई।
सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

