नारनाैल में एक रात में पांच वाहनों की बैटरियां चोरी, केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में एक रात में पांच वाहनों की बैटरियां चोरी, केस दर्ज


नारनाैल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के अटेली क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में पांच वाहनों की बैटरियां चोरी कर लीं। सिलारपुर और गुजरवास गांव में तीन पिकअप गाड़ियों, एक ट्रैक्टर और एक ट्रक को निशाना बनाया गया। बुधवार को मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। अटेली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में सिलारपुर निवासी अजयपाल ने बताया कि उसने अपने कुएं पर आरओ वाटर प्लांट लगा रखा है। प्लांट के पास खाली जगह में उसकी तीन पिकअप गाड़ियां खड़ी थीं। रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने तीनों गाड़ियों की बैटरियां चोरी कर लीं। सुबह जानकारी मिलने पर उसे चोरी का पता चला। इस वारदात से उसे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।

अजयपाल के अनुसार, उसे पता चला कि उसके पड़ोसी मनीराम के ट्रैक्टर की बैटरी भी चोरी हो गई है। इसके बाद आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने पर गुजरवास निवासी धर्मेंद्र सिंह के ट्रक की बैटरी चोरी होने का पता चला। शिकायतकर्ता के मुताबिक, सभी वारदात एक ही रात में हुई हैं। चोरों ने पांच वाहनों की बैटरियां चोरी कर वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।

एक ही रात में अलग-अलग वाहनों को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में वाहन मालिकों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, चोरी की वारदातों के पीछे किसका हाथ है और चोरों ने बैटरियां कहां छिपाई हैं, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। अजयपाल ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुई बैटरियां बरामद करवाने की मांग की है। अटेली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच एएसआई सतबीर को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और चोरी की वारदातों से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764371 Articles

Share this story