नारनाैल: नहर में डूबने से दो किशोरों की मौत, गांव में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: नहर में डूबने से दो किशोरों की मौत, गांव में पसरा मातम


नहर में नहाने के दौरान गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आए दोनों किशोर

नारनाैल, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव खासपुर के पास नहर में डूबने से जान गंवाने वाले दोनों किशोरों का शुक्रवार को नागरिक अस्पताल नारनौल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए। हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गांव खासपुर निवासी करीब 13 वर्षीय कार्तिक और 14 वर्षीय गौरव गुरुवार शाम दौड़ लगाने के लिए नहर किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों नहाने के लिए नहर में उतर गए। नहर में गहरे पानी और तेज बहाव के कारण दोनों किशोर डूब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने कार्तिक को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे किशोर गौरव की तलाश के लिए पुलिस, प्रशासन, गोताखोरों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसका शव नहर से बरामद किया। दोनों किशोरों के कपड़े नहर किनारे मिले थे।

गांव के सरपंच दारा सिंह ने बताया कि दोनों बच्चे गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ते थे। उनके परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और दोनों के पिता मजदूरी कर अपने परिवारों का पालन-पोषण करते हैं।पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story