नारनौलः दो मंजिला बनेगा कनीना बस स्टैंडः आरती सिंह राव

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः दो मंजिला बनेगा कनीना बस स्टैंडः आरती सिंह राव


गुढ़ा और कैमला में विकास कार्यों की सौगात

नारनाैल, 08 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को कनीना बस स्टैंड के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर बताया कि बस स्टैंड की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित दो मंजिला भवन होगा, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बस स्टैंड में महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षा कक्ष एवं शौचालय, ड्राइवरों के लिए विश्राम कक्ष, आधुनिक कार्यालय, विशाल वेटिंग हॉल, हरित क्षेत्र और आकर्षक सौंदर्यीकरण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में यह बस स्टैंड कनीना की नई पहचान बनेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य से प्रभावित दुकानदारों के हितों की सुरक्षा के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्णय के अनुरूप की जाएगी।

निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने गांव गुढ़ा में एचआरडीएफ योजना के तहत फिरनी निर्माण, डी-प्लान योजना के अंतर्गत कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन, उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास तथा एफएफसी योजना के तहत एससी बस्ती में रास्तों और सीवर लाइन निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इसके साथ ही गुढ़ा-मोहनपुर, गुढ़ा-कोका मार्केटिंग रोड, गुढ़ा-नांगल हरनाथ और गुढ़ा-चेलावास मार्गों की मरम्मत सहित अन्य विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी।

इसके बाद कैमला गांव में बीसी चौपाल के पुनर्निर्माण, मिडिल स्कूल के प्रार्थना ग्राउंड, सड़क निर्माण, शिवधाम में टीनशेड, पार्क के नवीनीकरण, जीआई पाइपलाइन, पानी के बोर, नई पानी की टंकी, आंगनवाड़ी भवन की मरम्मत तथा विभिन्न संपर्क मार्गों सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story