नारनौल में यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, दो माह में दो करोड़ का जुर्माना, 2919 बिना हेलमेट चालान

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, दो माह में दो करोड़ का जुर्माना, 2919 बिना हेलमेट चालान


स्कूल बसों की जांच तेज, 24 बसों पर कार्रवाई

नारनाैल, 25 मार्च (हि.स.)। नारनौल स्थित लघु सचिवालय के मीटिंग हॉल में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावारिया ने की, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने को लेकर अहम निर्देश जारी किए गए।

एडीसी ने बुधवार को बताया कि जिला पुलिस और आरटीए विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जनवरी और फरवरी के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले दो हजार 919 चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा ओवरस्पीडिंग के एक हजार 482 मामलों और गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 349 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई गई। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों से इस अवधि में लगभग दो करोड़ दस लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है, जो लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए एक सख्त संदेश है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को जिले में सख्ती से लागू किया जा रहा है। फरवरी माह के दौरान आरटीए विभाग, पुलिस और उपमंडल स्तर की कमिटियों द्वारा 270 से अधिक स्कूल बसों की जांच की गई। इस दौरान मानकों का उल्लंघन करने वाली 24 बसों के चालान किए गए।

उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चालकों के लिए विशेष नेत्र जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक 211 चालकों के स्वास्थ्य की जांच की जा चुकी है, जिससे सड़क सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।

बैठक में आरटीए सचिव मनोज कुमार ने एजेंडा प्रस्तुत किया। इस मौके पर एसडीएम अनिरुद्ध यादव, एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, एसडीएम उदय सिंह, डीएमसी रणबीर सिंह तथा नगराधीश डॉ. मंगल सेन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story