नारनाैल: पशु क्रूरता: पिकअप से 44 पशुओं के साथ दो आरोपी काबू

WhatsApp Channel Join Now

152-डी हाईवे पर पुलिस ने नाका लगाकर पकड़ा वाहन, पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज

नारनाैल, 13 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने बुधवार शाम काे पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 35 भेड़ और नाै बकरियां बरामद की हैं। पुलिस ने पशुओं को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन को कब्जे में लिया है। बरामद किए गए सभी 44 पशुओं को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम उप निरीक्षक किरपाल सिंह को सूचना मिली थी कि नारनौल की ओर से एक पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों को ठूंसकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने 152-डी हाईवे पर सूरजनवास के पास नाका लगाया। कुछ देर बाद सूचना के अनुसार संदिग्ध पिकअप वाहन को आते देखकर पुलिस ने उसे रुकवाया और तलाशी ली।

जांच के दौरान पिकअप के पिछले हिस्से में भेड़-बकरियों को बेहद तंग और अमानवीय परिस्थितियों में ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने सभी पशुओं को वाहन से नीचे उतारकर उनकी गिनती की। गिनती में 35 भेड़ और नाै बकरियां मिलीं। इस तरह वाहन से कुल 44 पशु बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान वाहन चालक की पहचान जयपुर ग्रामीण जिले के निवासी राहुल के रूप में हुई, जबकि उसके साथी की पहचान सीकर जिले के नरेश कुमार के रूप में की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सदर थाना पुलिस ने पिकअप वाहन और बरामद सभी पशुओं को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पशुओं को इस तरह ले जाने के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story