नारनाैल में चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
नारनाैल, 19 नवंबर (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए सीआईए टीम ने डुलाना रोड के पास खेत में बने ट्यूबवेल पर छापेमारी कर दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान खरखड़ा बास निवासी अरविंद और पंजाबी मोहल्ला निवासी मोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि 18 नवंबर को सीआईए टीम गौशाला रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अरविंद और मोहित चिट्टा बेचने का काम करते हैं। दोनों इस समय मोहित के खेत में बने ट्यूबवेल पर मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीआईए टीम ने छापेमारी के लिए टीम गठित की और बताए गए स्थान पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से दोनों युवकों को पकड़ लिया।
इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अरविंद की लोअर की जेब से पॉलिथीन में सिल्वर पेपर से लिपटा चिट्टा बरामद हुआ। वहीं, मोहित की जैकेट की जेब से भी इसी तरह सिल्वर पेपर में लिपटा मादक पदार्थ मिला। पुलिस ने दोनों से बरामद चिट्टे का अलग-अलग वजन कराया। इसमें अरविंद के कब्जे से 6.67 ग्राम और मोहित के पास से 3.46 ग्राम चिट्टा मिला। दोनों के पास से बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 10.13 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने बरामद चिट्टे को अलग-अलग सीलबंद कर कब्जे में ले लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर महेंद्रगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

