नारनाैल में हर घर तिरंगा प्रदर्शनी ने जगाया राष्ट्रप्रेम, इतिहास से रूबरू हुए नागरिक

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में हर घर तिरंगा प्रदर्शनी ने जगाया राष्ट्रप्रेम, इतिहास से रूबरू हुए नागरिक


उपायुक्त ने प्रदर्शनी का किया निरीक्षण, बच्चों को भी दिखाने का किया आह्वान

नारनाैल, 11 अगस्त (हि.स.)। प्रदेशभर में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला मुख्यालय नारनौल स्थित लघु सचिवालय परिसर में विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय ध्वज के विकास और देश की विकास यात्रा को आकर्षक चित्रों व दुर्लभ जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। मंगलवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रत्येक झांकी एवं चित्र का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आयोजन की सराहना की।

उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं प्रदर्शनी देखने आएं और अपने बच्चों को भी यहां जरूर लेकर आएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय धरोहरों और नागरिक कर्तव्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

प्रदर्शनी में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, वंदे मातरम् के 150 वर्षों के गौरवशाली सफर और तिरंगे के विकास को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसके अलावा देश की अखंडता, विभाजन विभीषिका के ऐतिहासिक प्रसंगों तथा बदलते भारत की विकास यात्रा को सुंदर झांकियों और प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

उल्लेखनीय है कि नाै से 17 अगस्त तक आयोजित हो रहे इस उत्सव के तहत जिले में तिरंगा रैलियां, सेल्फी प्वाइंट, सरकारी भवनों पर रंग-बिरंगी रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लघु सचिवालय की यह प्रदर्शनी आमजन के लिए खुली है और लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी दर्शकों को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और देश के प्रति उनके बलिदान से परिचित कराते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story