नारनौल रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत, ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त डिब्बे, वेटिंग होगी कम

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत, ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त डिब्बे, वेटिंग होगी कम


नारनौल-महेंद्रगढ़ क्षेत्र को मिलेगा सीधा फायदा

नारनाैल, 31 मार्च (हि.स.)। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए कई प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है। इस फैसले से महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल, अटेली, निजामपुर और महेंद्रगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को बताया कि अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और वेटिंग लिस्ट में कमी आएगी। खासतौर पर दिल्ली, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका अधिक लाभ मिलेगा। रेलवे द्वारा स्लीपर, सामान्य और वातानुकूलित श्रेणी के डिब्बों में वृद्धि की जा रही है।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 22471/22472 लालगढ़-दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलसेवा में अप्रैल माह के दौरान दो अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए जाएंगे, जिसका ठहराव महेंद्रगढ़ स्टेशन पर होता है। इसी प्रकार 20473/20474 दिल्ली सराय.उदयपुर सिटी चेतक एक्सप्रेस में भी दो स्लीपर कोच बढ़ाए जाएंगे, जिससे नारनौल और अटेली के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा 12065/12066 अजमेर.दिल्ली सराय रोहिल्ला जन शताब्दी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त वातानुकूलित चेयर कार कोच जोड़ा जाएगा। वहीं मदार-रेवाड़ी, रेवाड़ी-फुलेरा और भिवानी-ढेहर का बालाजी रेलसेवाओं में तीन से पांच सामान्य श्रेणी के डिब्बे बढ़ाए जाएंगे। इन ट्रेनों का ठहराव नारनौल, अटेली और निजामपुर स्टेशनों पर होता है।

दूसरी ओर, बीकानेर मंडल के चूरू-सादुलपुर रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के चलते कुछ रेल सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित रहेंगी। गाड़ी संख्या 14823 जोधपुर-रेवाड़ी ट्रेन 15 से 24 अप्रैल तक लोहारू तक ही चलेगी, जबकि 54804 रेवाड़ी.सीकर रेलसेवा भी इसी अवधि में लोहारू से संचालित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story