नारनाैल : ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

नारनाैल, 30 जून (हि.स.)। नारनौल में मंगलवार सुबह एक रेल हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। नांगल चौधरी फ्लाईओवर के पास रेलवे लाइन पार करते समय वह उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला चेतक एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने उपचार से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव भोजावास निवासी करीब 40 वर्षीय हरीश कुमार मंगलवार तड़के किसी कार्य से नारनौल आ रहा था। वह फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान फुलेरा की ओर से तेज गति से आ रही उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला चेतक एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। ट्रेन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे ट्रैक के पास गिर पड़ा।

घटना के तुरंत बाद ट्रेन के लोको पायलट ने इसकी सूचना जीआरपी चौकी को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जीआरपी ने मृतक के पास मिले पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान गांव भोजावास निवासी हरीश कुमार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंच गए।

हरीश कुमार खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी करीब दस वर्ष पहले शादी हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story