रेलवे ने चेताया, महेंद्रगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें होगी प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ने चेताया, महेंद्रगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें होगी प्रभावित


तकनीकी कार्य के चलते चार दिनों तक बदले मार्ग से चलेंगी ट्रेनें, कई स्टेशनों पर नहीं होगा ठहराव

नारनाैल, 17 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर और सोनपुर मंडल में राजेंद्रपुल, हाथीदह अपर टॉल जंक्शन, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों पर चल रहे तकनीकी कार्य के कारण महेंद्रगढ़ से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनों की सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन और मार्ग की स्थिति जांचने की सलाह दी है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरुवार को बताया कि तकनीकी कार्य के कारण ट्रेन संख्या 15623 भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस और 15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया गया है।

ट्रेन संख्या 15623 भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस 22 सितंबर को भगत की कोठी से रवाना होगी। यह ट्रेन दानापुर-पाटलिपुत्र-शाहपुर पटोरी-बरौनी के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। मार्ग में बदलाव के कारण इस ट्रेन का पटना स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा। इसी ट्रेन की 29 सितंबर की सेवा वाराणसी-छपरा-शाहपुर पटोरी के परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी। इस दिन भी पटना स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा।

वहीं, ट्रेन संख्या 15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस 25 सितंबर और 2 अक्टूबर को बरौनी-शाहपुर पटोरी-छपरा-वाराणसी के परिवर्तित मार्ग से चलेगी। मार्ग परिवर्तन के चलते इस ट्रेन का पटना, आरा, बक्सर, गहमर, ईस्ट आउटर केबिन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशनों पर ठहराव नहीं रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से निर्धारित यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के मार्ग, समय और ठहराव की जानकारी जांचने की अपील की है। तकनीकी कार्य के दौरान ट्रेनों का संचालन रेलवे द्वारा निर्धारित परिवर्तित व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story