नारनौल में ट्रेन की चपेट में आने से जेबीटी शिक्षक की मौत
रेलवे लाइन पार करते समय हुआ हादसा, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, शिक्षा विभाग में शोक
नारनाैल, 19 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल शहर में शनिवार देर शाम एक जेबीटी शिक्षक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जिला महेंद्रगढ़ के गांव सरेली निवासी 43 वर्षीय महेश बोहरा के रूप में हुई है। वह नारनौल स्थित एक प्राथमिक पाठशाला में जेबीटी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और नौकरी के चलते शहर में किराए के मकान में रह रहे थे।
सूत्राें के अनुसार, महेश बोहरा किसी निजी कार्य से बहरोड़ रोड क्षेत्र में गए हुए थे। देर शाम जब वह वापस लौट रहे थे, उसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय अचानक एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर ट्रैक के पास गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी नारनौल की टीम मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की गई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि महेश बोहरा विवाहित थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। उनकी अचानक मौत से गांव सरेली में मातम छा गया है। वहीं, शिक्षा विभाग में भी शोक की लहर है। सहकर्मियों ने उन्हें एक समर्पित और मिलनसार शिक्षक बताया, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

