नारनौलः ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को राहत, स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः ग्रीष्मावकाश में यात्रियों को राहत, स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी


नारनाैल, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन ने कई स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ा दी है, जिससे नारनौल क्षेत्र सहित आसपास के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। गाड़ी संख्या 09639/09640 मदार-रोहतक-मदार प्रतिदिन चलने वाली स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि अब 30 जून तक बढ़ा दी गई है। इस ट्रेन का निजामपुर, नारनौल और अटेली स्टेशनों पर नियमित ठहराव है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 04727/04728 हिसार-वलसाड-हिसार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की अवधि भी बढ़ाकर जुलाई तक कर दी गई है। इस ट्रेन का भी नारनौल स्टेशन पर ठहराव होता है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी और यात्रा के विकल्प बढ़ेंगे। हालांकि, दूसरी ओर कुछ ट्रेनों के संचालन पर तकनीकी कार्य का असर भी देखने को मिलेगा।

उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के दिल्ली-अंबाला रेलखंड पर शाहाबाद मारकंडा और मोहरी स्टेशनों के बीच नए इंटरलॉकिंग पैनल और अन्य तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं। इस कार्य के लिए रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। ब्लॉक के कारण गाड़ी संख्या 22452 चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 31 मई और तीन जून को चंडीगढ़ से अपने निर्धारित समय से लगभग एक घंटा 30 मिनट की देरी से रवाना होगी। इस ट्रेन का नारनौल स्टेशन पर नियमित ठहराव होने के कारण जिले के यात्रियों को भी देरी का सामना करना पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story