नारनौल: तालाब में नहाने उतरे टाइल मिस्त्री की डूबने से मौत, तीन बच्चे हुए बेसहारा

WhatsApp Channel Join Now

पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा युवकनारनौल, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव कारोली में शनिवार देर शाम तालाब में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय विनोद कुमार प्रजापत के रूप में हुई है। रविवार को पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।

मृतक के भाई विजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार शाम विनोद गांव के तालाब में नहाने के लिए गया था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया। तैरना नहीं आने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और तालाब में डूब गया।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से तालाब में डूबने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, ग्रामीणों ने पुलिस की मौजूदगी में काफी मशक्कत के बाद रात में ही विनोद को तालाब से बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तुरंत नागरिक अस्पताल नारनौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि विनोद पेशे से टाइल लगाने का मिस्त्री था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story