नारनौल में गोदाम का शटर तोड़ 50 लाख के ड्राई फ्रूट ले उड़े चोर
नारनाैल, 23 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में ड्राई फ्रूट के गोदाम का शटर तोड़कर लाखों रुपये का माल चोरी करने का मामला सामने आया है। चोर गोदाम में रखे ड्राई फ्रूट के पीपे और अन्य सामान चोरी कर ले गए। गोदाम में करीब 50 लाख रुपये का माल रखा हुआ था। चोरी की घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब दुकानदार गोदाम पर पहुंचा। शटर टूटा देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ड्राई फ्रूट का कारोबार करता है। उसकी फर्म का नाम शिव कुबेर ट्रेडिंग कंपनी है। इन दिनों कारोबार में माल की आवक अधिक होने के कारण उसने सामान रखने के लिए अलग से एक गोदाम लिया हुआ था। इस गोदाम में बड़ी मात्रा में ड्राई फ्रूट के पीपे रखे हुए थे।
पीड़ित के अनुसार रविवार शाम को वह रोजाना की तरह गोदाम बंद करके घर चला गया था। सोमवार सुबह जब वह गोदाम पर पहुंचा तो शटर टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो काफी सामान गायब था। जांच करने पर पता चला कि चोर गोदाम में रखे ड्राई फ्रूट के अनेक पीपे चोरी कर ले गए हैं। दुकानदार ने बताया कि गोदाम में करीब 50 लाख रुपये का माल रखा हुआ था।
ड्राई फ्रूट के एक पीपे की कीमत करीब 15 हजार रुपये है। हालांकि चोरी हुए माल की अभी पूरी गिनती नहीं हो पाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

