नारनाैल में थाने से मात्र 100 मीटर दूर गोदाम में चोरी, दुकानदारों में दहशत
चोरों ने ताला तोड़कर सामान किया साफ, दूसरी दुकान में नाकाम रहे
नारनाैल, 03 सितंबर (हि.स.)। जिले केे निजामपुर कस्बे में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक गोदाम का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि घटनास्थल निजामपुर थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर है। एक ही रात में दो स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आने से व्यापारियों और दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
गोदाम संचालक पवन शर्मा निवासी छिलरो ने बताया कि वह गुरुवार सुबह गोदाम पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो गोदाम में रखा सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने निजामपुर थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा सामान समेटकर फरार हो गए। इसी दौरान चोरों ने पास की एक अन्य दुकान को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
वहीं सुनील सोनी ने बताया कि उनके द्वारा किराए पर लिए गए चौबारे की खिड़की भी चोरों ने तोड़ दी। खिड़की के रास्ते चोर अंदर घुसे और वहां रखी दो पुरानी एलईडी चोरी कर ले गए। सुबह चोरी का पता चलने के बाद आसपास के दुकानदारों को वारदात की जानकारी हुई। एक ही रात में दो स्थानों पर चोरी होने से स्थानीय व्यापारियों में रोष है। लोगों का कहना है कि थाना नजदीक होने के बावजूद चोरी होना पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। व्यापारियों ने रात में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
एएसआई राकेश ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान के प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

