नारनौल में खंभे से टकराने के बाद वैन बनी आग का गोला, युवक झुलसा

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में खंभे से टकराने के बाद वैन बनी आग का गोला, युवक झुलसा


नारनाैल, 19 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में महेंद्रगढ़ रोड पर बुधवार रात एक मारुति वैन बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में वैन सवार एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि दो अन्य युवक सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आसपास के लोगों ने जान जोखिम में डालकर वैन में फंसे युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला चांदूवाड़ा निवासी हलवाई हनुमान का 35 वर्षीय बेटा संदीप कुमार बुधवार रात पनीर देने के लिए लहरोदा गया था। रात करीब 12 बजे वह मारुति वैन से नारनौल लौट रहा था। वैन में उसके साथ दो अन्य युवक भी सवार थे।

बताया जा रहा है कि महेंद्रगढ़ रोड पर शीला अस्पताल के सामने पहुंचने पर अचानक सामने से गलत दिशा में एक गाड़ी आ गई। उसे बचाने के प्रयास में वैन अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही देर में वैन में आग लग गई।

आग लगते ही वैन में सवार दो युवक बाहर निकल गए, लेकिन संदीप अंदर ही फंस गया। हादसा देखकर राहगीर रुक गए और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद संदीप को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलने पर डायल 112 की ईआरवी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची। फायर कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story