नारनाैल: आंगनवाड़ी केंद्रों में गूंजा ‘फास्ट फूड से बनाओ दूरी, मोटे अनाज और हरी सब्जी है जरूरी’ का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: आंगनवाड़ी केंद्रों में गूंजा ‘फास्ट फूड से बनाओ दूरी, मोटे अनाज और हरी सब्जी है जरूरी’ का संदेश


महिलाओं ने ‘सही पोषण, देश रोशन’ का लिया संकल्प

नारनाैल, 22 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत मंगलवार को शहर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वार्ड नंबर-5 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पोषण अभियान की ब्लॉक कॉर्डिनेटर प्रिया ने महिलाओं, गर्भवती माताओं और धात्री माताओं को कुपोषण से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया।

ब्लॉक कॉर्डिनेटर प्रिया ने कहा कि बच्चों और परिवार के बेहतर स्वास्थ्य के लिए घर का बना पौष्टिक भोजन दैनिक आहार का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को बच्चों को चाउमीन, बर्गर, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य फास्ट फूड से दूर रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लगातार प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का सेवन बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है तथा भविष्य में मोटापा और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

उन्होंने पोषण थाली में मोटे अनाज को शामिल करने पर जोर देते हुए कहा कि ज्वार, बाजरा और रागी जैसे अनाज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। रागी कैल्शियम का अच्छा स्रोत है, जबकि बाजरा और ज्वार सहित विविध पोषक खाद्य पदार्थ संतुलित आहार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मौसमी हरी पत्तेदार सब्जियों से शरीर को आवश्यक विटामिन, खनिज और फाइबर प्राप्त होते हैं, जिससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में महिलाओं को बाजरे के लड्डू, मिक्स वेज दलिया और हरी सब्जियों का सूप जैसे पौष्टिक व्यंजन तैयार करने के आसान तरीके भी बताए गए। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने ‘सही पोषण, देश रोशन’ का संकल्प लिया और परिवार में घर का बना शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story