नारनौल में नाना ने दोहती का घोड़ी पर बनवारा निकाल पेश की मिसाल

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में नाना ने दोहती का घोड़ी पर बनवारा निकाल पेश की मिसाल


नारनाैल, 25 नवंबर (हि.स.)। नारनौल में मंगलवार रात एक नाना ने अपनी दोहती की शादी से पहले उसे घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला। इस दौरान शादी से पहले लड़कों के बनवारे में निभाई जाने वाली सभी रस्में पूरी की गईं। नाना की इस पहल की लोगों ने सराहना की। लोगों ने इसे बेटा-बेटी के बीच भेदभाव मिटाने और बेटियों को समान सम्मान देने की दिशा में अनूठी पहल बताया।

नाना हजारीलाल सर्राफा व्यापारी हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी दोहती मुस्कान उन्हें बेहद प्यारी है। उन्होंने बचपन से ही उसे लाड-प्यार से पाला है। मुस्कान की शादी भिवानी निवासी शुभम सोनी के साथ हो रही है। शुभम के पिता भी भिवानी में सर्राफा व्यापारी हैं। हजारीलाल ने बताया कि मुस्कान बीए पास है और अपनी मां गीता देवी की इकलौती बेटी है। गीता देवी ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत करके बेटी का पालन-पोषण किया और उसे पढ़ा-लिखाकर बड़ा किया। मुस्कान परिवार के लिए शुरू से ही बेहद खास रही है। इसी वजह से उन्होंने उसकी शादी से पहले लड़कों की तरह बनवारा निकालने का निर्णय लिया।

मंगलवार रात निकाले गए बनवारे में मुस्कान को घोड़ी पर बैठाया गया। परिवार के सदस्यों और परिचितों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान लड़कों के बनवारे में होने वाली शादी की रस्में भी निभाई गईं। नाना की इस पहल को देखकर आसपास के लोगों ने भी उनकी सराहना की। हजारीलाल ने बताया कि शुभम 26 नवंबर को भिवानी से बारात लेकर नारनौल आएगा। इसके बाद शादी की अन्य रस्में पूरी की जाएंगी।

लोगों का कहना है कि आज भी समाज में कई जगह बेटा-बेटी के बीच भेदभाव देखने को मिलता है। ऐसे में नाना की यह पहल बेटियों को बेटों के समान अधिकार और सम्मान देने का प्रेरणादायक संदेश देती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story