नारनौल : सांसद धर्मबीर ने 13 लाभार्थियों को सौंपे छह लाख 50 हजार की सब्सिडी चेक

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल : सांसद धर्मबीर ने 13 लाभार्थियों को सौंपे छह लाख 50 हजार की सब्सिडी चेक


सोलर ऊर्जा अपनाने की अपील, सरकार दे रही भारी अनुदान

नारनाैल, 03 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सांसद धर्मबीर सिंह ने 13 लाभार्थियों को सब्सिडी के चेक वितरित कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश दिया।

सांसद धर्मबीर ने शुक्रवार काे कहा कि यह योजना आम लोगों को महंगे बिजली बिलों से राहत दिलाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अब उपभोक्ता केवल बिजली उपयोगकर्ता ही नहीं, बल्कि खुद बिजली उत्पादक भी बन सकते हैं। सौर ऊर्जा अपनाने से न केवल आर्थिक बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में इस योजना को सफल बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आकर्षक अनुदान प्रदान कर रही हैं। योजना के तहत एक लाख 80 हजार रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को प्रति किलोवाट 30 हजार रुपये केंद्र सरकार और 25 हजार रुपये राज्य सरकार की ओर से सहायता दी जा रही है। वहीं एक लाख 80 हजार से तीन लाख रुपये तक आय वाले परिवारों को भी राज्य सरकार की ओर से प्रति किलोवाट 10 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता मिल रही है। यह लाभ अधिकतम दो किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन पर उपलब्ध है।

आंकड़ों के अनुसार, नारनौल सर्कल में इस योजना के तहत अब तक 3808 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1437 घरों में सोलर सिस्टम सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। अकेले नारनौल डिवीजन में 711 और महेंद्रगढ़ डिवीजन में 726 घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए गए हैं। विभाग द्वारा अब तक 1240 लाभार्थियों को केंद्र सरकार की सब्सिडी और 120 लाभार्थियों को राज्य सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी जारी की जा चुकी है। इस मौके पर महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story