नारनौल: बंद स्टोन क्रेशर में मिला मजदूर का शव

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल: बंद स्टोन क्रेशर में मिला मजदूर का शव


परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

नारनाैल, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव खातौली अहीर स्थित एक बंद पड़े स्टोन क्रेशर में गुरुवार देर रात एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 47 वर्षीय बाबू राम के रूप में हुई है, जो लंबे समय से क्रेशर पर काम कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और प्रवासी मजदूर मौके पर पहुंच गए तथा निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हत्या की आशंका जताई।

ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित स्टोन क्रेशर पिछले 10 से 12 महीनों से बिजली बिल बकाया होने के कारण बंद पड़ा है। ऐसे में करंट लगने से मौत होने की आशंका पर उन्होंने सवाल उठाए। वहीं प्रवासी मजदूरों का आरोप है कि बाबू राम को क्रेशर संचालकों ने ही काम के लिए बुलाया था। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

सूचना मिलने पर निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजन न्याय की मांग को लेकर अड़ गए। स्थिति को देखते हुए डीएसपी भारत भूषण और सीआईए इंचार्ज संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

निजामपुर थाना प्रभारी धर्मसिंह ने बताया कि रात करीब ढाई बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित कराया तथा एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story