नारनौल में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, मकान मालिक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

नारनौल, 04 नवंबर (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने राव का मोहल्ला स्थित एक मकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मकान मालिक विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने मकान में बिना लाइसेंस और परमिट के पटाखे रखे हुए था। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि तीन नवंबर की शाम शहर थाना पुलिस को राव का मोहल्ला स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर हेड कांस्टेबल सुनील कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मकान में छापेमारी की।

पुलिस टीम ने मकान की तलाशी ली तो वहां गत्ते के डिब्बों में भरकर रखे गए विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले। जांच के दौरान 25 से अधिक किस्म के पटाखे बरामद किए गए।

पुलिस ने मौके पर मौजूद मकान मालिक विनोद से पटाखे रखने के संबंध में लाइसेंस और परमिट मांगा, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने बरामद पटाखों की पूरी सामग्री को कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बिना वैध अनुमति के पटाखों का भंडारण करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। पुलिस ने आरोपी विनोद के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगामी जांच एएसआई रितु को सौंपी गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772079 Articles

Share this story