नारनौल में 14 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक स्टेडियम
खेल मंत्री गौरव गौतम ने किया साइट निरीक्षण, खिलाड़ियों को मिलेंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं
नारनाैल, 18 अप्रैल (हि.स.)। खेल एवं युवा मामले मंत्री गौरव गौतम ने शनिवार को गांव बड़कोदा-बडगांव में प्रस्तावित खेल स्टेडियम की साइट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार खेलों को बढ़ावा दे रही है, जिसका परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
गौरव गौतम ने बताया कि गांव बड़कोदा-बडगांव में लगभग 14 एकड़ भूमि पर एक भव्य जिला स्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इस स्टेडियम में खिलाड़ियों को आधुनिक और उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
साथ ही उन्होंने स्टेडियम के लेआउट और भविष्य में शामिल की जाने वाली खेल गतिविधियों की भी विस्तृत समीक्षा की। खेल मंत्री ने कहा कि इस स्टेडियम के बनने से न केवल नारनौल बल्कि पूरे जिले के उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतरीन मंच मिलेगा। इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और देश के लिए पदक जीतने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर ओम प्रकाश यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव और जिला खेल अधिकारी नरेंद्र कुंडू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

