नारनाैल के गांव उनींदा में 15.87 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक रेस्ट हाउस

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल के गांव उनींदा में 15.87 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक रेस्ट हाउस


स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव बोलीं— अटेली क्षेत्र को मिलेंगी आधुनिक प्रशासनिक सुविधाएं

नारनाैल, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले के अटेली विधानसभा क्षेत्र के गांव उनींदा में लगभग 15 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक रेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए तैयार किया गया प्रस्ताव प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी।

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरूवार काे बताया कि लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) ने परियोजना का विस्तृत लागत अनुमान तैयार किया है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 15 करोड़ 87 लाख रुपये है, जिसमें भवन निर्माण के साथ-साथ विद्युत कार्यों की लागत भी शामिल है। परियोजना की तकनीकी जांच पूरी हो चुकी है और अब प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।

आरती सिंह राव ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह रेस्ट हाउस अटेली क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा। इसके निर्माण से सरकारी बैठकों, प्रशासनिक कार्यक्रमों, वीआईपी आगमन तथा विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी आसानी होगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य विकास को केवल बड़े शहरों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि गांवों को भी आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि उनींदा में बनने वाला यह रेस्ट हाउस अटेली क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई देगा और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story