नारनौलः मुख्यमंत्री ने किया कोरियावास अस्पताल में अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट का वर्चुअल उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः मुख्यमंत्री ने किया कोरियावास अस्पताल में अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट का वर्चुअल उद्घाटन


किडनी मरीजों को अब बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

नारनाैल, 29 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम के जरिए महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुला राम अस्पताल कोरियावास नारनौल में नवनिर्मित अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

मेडिकल कॉलेज परिसर में लगाई गई बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से चिकित्सकों, कर्मचारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन देखा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके घर के नजदीक बेहतर और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नई डायलिसिस यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं राव तुला राम अस्पताल कोरियावास, नारनौल के द्वितीय तल पर स्थापित इस आधुनिक डायलिसिस यूनिट से जिला महेंद्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के किडनी मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब मरीजों को डायलिसिस के लिए दिल्ली, जयपुर या गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे।

संस्थान के निदेशक डॉ बृजेंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि यूनिट में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें स्थापित की गई हैं तथा प्रशिक्षित विशेषज्ञ स्टाफ की तैनाती भी की गई है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक ओम प्रकाश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं के लगातार विस्तार से गरीब और पिछड़े वर्ग के लोगों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story