नारनौल में पेट्रोलियम पदार्थों की सुचारू आपूर्ति के लिए उपायुक्त ने जारी किए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में पेट्रोलियम पदार्थों की सुचारू आपूर्ति के लिए उपायुक्त ने जारी किए निर्देश


नारनाैल, 13 मार्च (हि.स.)। जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में तेल एवं रसोई गैस उपलब्ध है। ऐसे में जनता को किसी भी तरह की घबराहट (पैनिक) में आने की आवश्यकता नहीं है। शुक्रवार को उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिले में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं।

उपायुक्त ने गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या किसी अन्य उद्देश्य के लिए डायवर्जन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही सिलेंडरों की ओवरचार्जिंग और डबल स्टॉकिंग पर भी पूर्ण पाबंदी है। प्रशासन की ओर से अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने सभी पेट्रोलियम डीलरों को एलपीजी का अधिकतम स्टॉक बनाए रखने और तेल विपणन कंपनियों को जिला प्रशासन को दैनिक स्टॉक व आपूर्ति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने की कोशिश करता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नागरिक एलपीजी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता निदेशालय के टोल-फ्री नंबर 18001802087 पर संपर्क कर सकते हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और तेल उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी है ताकि जिले की जनता को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story