नारनौल में नाले से मिला व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी
महेंद्रगढ़ रोड पर बने नाले में मिला शव, गुरुग्राम निवासी के रूप में हुई पहचान
नारनाैल, 20 मार्च (हि.स.)। नारनौल के महेंद्रगढ़ रोड स्थित सूरज स्कूल के सामने बने नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। मृतक की पहचान गुरूग्राम जिला निवासी करीब 44 वर्षीय रविंद्र के रूप में हुई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार शाम को राहगीरों ने नाले में एक शव पड़ा देखा। पहले तो लोगों को लगा कि कोई व्यक्ति बेहोश पड़ा है, लेकिन करीब से देखने पर मामला गंभीर प्रतीत हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर शव को नाले से बाहर निकलवाया और नागरिक अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है, हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जांच के दौरान मृतक की पहचान गुरुग्राम जिला निवासी करीब 44 वर्षीय रविंद्र के रूप में हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

