नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आकाश सक्सेना बने आईएनएई के वरिष्ठ सदस्य

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आकाश सक्सेना बने आईएनएई के वरिष्ठ सदस्य


नारनाैल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. आकाश सक्सेना को भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (आईएनएई) का वरिष्ठ सदस्य बनाया गया है। उन्हें यह सम्मान इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, शोध और शिक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।

शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने प्रो. सक्सेना की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और शोध संबंधी पहचान को मजबूत करती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रो. सक्सेना का शोध कार्य इंजीनियरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

प्रो. आकाश सक्सेना का शोध मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों में इसके उपयोग पर केंद्रित है। आधुनिक तकनीकों के माध्यम से इंजीनियरिंग की समस्याओं के समाधान तलाशने और शोध को आगे बढ़ाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।

उनकी शैक्षणिक और शोध संबंधी उपलब्धियों का एक अन्य प्रमुख पक्ष यह है कि उन्हें लगातार पांच वर्षों से स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और एल्सेवियर की ओर से जारी दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिल रहा है। यह उपलब्धि उनके निरंतर शोध कार्य और संबंधित क्षेत्र में योगदान को दर्शाती है। प्रो. आकाश सक्सेना ने इस सम्मान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनकी उपलब्धि से विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शोधार्थियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762433 Articles

Share this story