नारनौल की युवा खिलाड़ी इशिता का भारतीय टीम में चयन, एशियन ओपन में दिखाएंगी दम

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल की युवा खिलाड़ी इशिता का भारतीय टीम में चयन, एशियन ओपन में दिखाएंगी दम


17 से 20 अगस्त तक देहरादून में होगी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता

एशिया के 15 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

नारनाैल, 14 अगस्त (हि.स.)। नारनौल की युवा खिलाड़ी इशिता यादव का चयन एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। इशिता 17 से 20 अगस्त तक उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता में एशिया के 15 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इशिता के भारतीय टीम में चयन से जिले में खुशी का माहौल है।

इशिता यादव ने शुक्रवार को बताया कि परिवार और कोच के लगातार सहयोग और मार्गदर्शन की बदौलत वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गौरव की बात है। वह प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी मेहनत कर रही हैं।

इशिता के पिता इंद्रजीत यादव ने कहा कि उनकी बेटी ने मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि इशिता शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के साथ-साथ स्केटिंग की भी राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं। खेल के प्रति उसका समर्पण और नियमित अभ्यास ही उसकी सफलता का आधार है।

इशिता के चयन की जानकारी मिलने के बाद जिले के खेल प्रेमियों और परिजनों ने खुशी जताई। उन्होंने खिलाड़ी को बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। खेल प्रेमियों ने कहा कि इशिता का भारतीय टीम में चयन न केवल उनके खेल जीवन की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि नारनौल और पूरे जिले के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इशिता की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि वह प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और जिले का नाम रोशन करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story