नारनाैल में कॉलेज जाने के लिए निकली बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा लापता
नारनाैल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बलाना स्थित आरपीएस कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा 16 अक्टूबर को अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद छात्रा की मां ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने सतनाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चरखी दादरी जिले के बाढ़ड़ा निवासी महिला ने माधोगढ़ पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी बलाना स्थित आरपीएस कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। 16 अक्टूबर को वह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। परिजनों को उम्मीद थी कि वह रोजाना की तरह शाम तक घर लौट आएगी, लेकिन देर शाम तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिवार को चिंता होने लगी।
छात्रा के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों से भी उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। काफी प्रयासों के बावजूद बेटी की जानकारी नहीं मिलने पर उसकी मां माधोगढ़ पुलिस चौकी पहुंची और शिकायत देकर छात्रा को तलाशने की मांग की। पुलिस चौकी में मिली शिकायत के आधार पर मामले को सतनाली थाना भेजा गया। इसके बाद 17 अक्टूबर को सतनाली थाने में अभियोग दर्ज किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले से संबंधित दस्तावेज जांच अधिकारी को भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। लापता छात्रा का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल छात्रा के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

