नारनाैल में पुल से नीचे गिरी स्कॉर्पियो, दूल्हा-दुल्हन समेत पांच घायल

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में पुल से नीचे गिरी स्कॉर्पियो, दूल्हा-दुल्हन समेत पांच घायल


नारनाैल, 21 नवंबर (हि.स.)। अटेली कस्बे के पास शनिवार को रेवाड़ी-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक स्कॉर्पियो गाड़ी डिवाइडर से टकराने के बाद पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में गाड़ी सवार नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार के पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नारनौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूल्हे को अधिक चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव कोरियावास निवासी मनीष विदेश में पढ़ाई करने के बाद हाल ही में गांव लौटा था। शुक्रवार रात उसकी शादी गुरुग्राम के फरुखनगर में हुई थी। शनिवार को शादी के बाद मनीष अपनी दुल्हन निशा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर फरुखनगर से अपने गांव कोरियावास लौट रहा था।

जब उनकी गाड़ी रेवाड़ी-बीकानेर हाईवे पर अटेली के पास पुल से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो डिवाइडर पार करते हुए पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा समेत अन्य हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

गाड़ी के पुल से नीचे गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुल के नीचे क्षतिग्रस्त गाड़ी देखकर लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद सभी पांच घायलों को नारनौल के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शादी के अगले ही दिन दूल्हा-दुल्हन समेत परिवार के पांच सदस्यों के घायल होने से गांव कोरियावास में हादसे को लेकर चर्चा रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story