नारनाैल: उपायुक्त ने बच्चों संग बैठकर खाया मिड डे मील, परखी भोजन गुणवत्ता और व्यवस्थाएं

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: उपायुक्त ने बच्चों संग बैठकर खाया मिड डे मील, परखी भोजन गुणवत्ता और व्यवस्थाएं


राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण, पुस्तकालय, स्वच्छता और शिक्षण व्यवस्था का लिया जायजा

नारनाैल, 23 जुलाई (हि.स.)। महेंद्रगढ़ की उपायुक्त अनुपमा अंजली ने गुरुवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ का औचक निरीक्षण कर मिड डे मील की गुणवत्ता और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं अपनी प्लेट में भोजन लेकर विद्यार्थियों के साथ पंक्ति में बैठकर मिड डे मील ग्रहण किया और भोजन की गुणवत्ता परखी। साथ ही बच्चों से प्रतिदिन मिलने वाले भोजन और उसकी गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पुस्तकालय, कक्षाओं और स्वच्छता का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मिड डे मील से संबंधित स्टॉक रजिस्टर, राशन स्टॉक तथा खाद्य सामग्री का भौतिक सत्यापन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक, संतुलित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें अच्छे संस्कार और अनुशासन की भावना भी विकसित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और यही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और नैतिक मूल्यों के समन्वय से ही समाज के जिम्मेदार नागरिक तैयार किए जा सकते हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस माैके पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) जगमाल सिंह, विद्यालय के प्राचार्य सुनील बोहरा तथा अन्य अधिकारी व शिक्षक भी माैजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story