महेंद्रगढ़ में सफाई व फायर कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ में सफाई व फायर कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू


17 सूत्रीय मांगों पर समझौता लागू नहीं होने से नाराज कर्मचारी, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

नारनाैल, 06 अगस्त (हि.स.)। महेंद्रगढ़ नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार से तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन दोनों विभागों के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान पूरण कुमार ने बताया कि उनकी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर एक मई से आंदोलन चल रहा था। 13 मई को सरकार के साथ हुई वार्ता में 30 जून तक मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद अब तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक आदेश या पत्र जारी नहीं किया गया है। इसी के विरोध में राज्य स्तरीय नेतृत्व के आह्वान पर छह से आठ अगस्त तक तीन दिवसीय हड़ताल का निर्णय लिया गया है।

फायर ब्रिगेड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राम सिंह ने बताया कि फायर ब्रिगेड कर्मचारी भी इसी अवधि में सफाई कर्मचारियों के समर्थन में हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ हुई वार्ता में फरीदाबाद की कालका स्टील फैक्ट्री में अग्निकांड के दौरान शहीद हुए दो फायर कर्मचारियों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने पर सहमति बनी थी।

राम सिंह ने आरोप लगाया कि अब तक न तो शहीद कर्मचारियों के परिजनों को घोषित आर्थिक सहायता मिली है और न ही किसी परिजन को सरकारी नौकरी दी गई है। कर्मचारियों ने सरकार से सभी लंबित मांगों को शीघ्र लागू करने की मांग करते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story