नारनाैल: मूवी डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक, किसान दंपति के खाते से उड़े 1.44 लाख

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: मूवी डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक, किसान दंपति के खाते से उड़े 1.44 लाख


नारनाैल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव पाल निवासी एक किसान और उसकी पत्नी साइबर ठगी का शिकार हो गए। मोबाइल पर मूवी डाउनलोड करते समय अचानक एपीके फाइल डाउनलोड होने के बाद दोनों के बैंक खातों से एक लाख 44 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित अमित कुमार की शिकायत पर पुलिस ने साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि शिकायतकर्ता अमित कुमार खेतीबाड़ी का काम करता है। 18 अक्टूबर की शाम को वह अपने मोबाइल पर मूवी डाउनलोड कर रहा था। इसी दौरान उसके फोन में अचानक एक एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। इसके बाद मोबाइल हैंग होने लगा। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर बैंक खातों से रकम कटने के मैसेज आने लगे।

अमित कुमार के अनुसार, उसने अपना पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का खाता चेक किया तो उसमें से 98 हजार रुपये निकल चुके थे। वहीं, उसकी पत्नी पूजा के पीएनबी खाते से भी 46 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। इस तरह साइबर ठगों ने दोनों खातों से कुल एक लाख 44 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को देकर ठगी गई रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 19 अक्टूबर को साइबर क्राइम पंचकूला के नोडल थाने से मामले के संबंध में ई-जीरो एफआईआर प्राप्त हुई थी। इसके बाद 20 अक्टूबर को अमित कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत और प्राप्त रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, एफआईआर की रिपोर्ट नियमानुसार इलाका मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेज दी गई है। अब मामले की जांच की जाएगी। मोबाइल में डाउनलोड हुई एपीके फाइल के जरिए ठगी कैसे हुई और रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764208 Articles

Share this story