नारनौलः ग्रीन कॉरिडोर 152-डी से हटेंगे अवैध ढाबे व दुकानेंःधर्मबीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः ग्रीन कॉरिडोर 152-डी से हटेंगे अवैध ढाबे व दुकानेंःधर्मबीर सिंह


सरकार के लिए जन सुरक्षा सर्वोपरि, ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर रिपोर्ट मांगी

नारनाैल, 03 जुलाई (हि.स.)। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा है और सड़क हादसों में किसी भी नागरिक की जान नहीं जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सांसद शुक्रवार को पंचायत भवन में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में विधायक कंवर सिंह यादव भी मौजूद रहे। सांसद ने हाल ही में नेशनल हाईवे-152डी पर हुए बस हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि जन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे के दोनों ओर बने अवैध ढाबों और दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार हाईवे के दोनों ओर 15 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं है।

धर्मबीर सिंह ने पुलिस और संबंधित विभागों को जिले के सभी दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर उनके कारणों की विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक से पहले प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग को छोटी सड़कों पर नहरों की पुलियाओं का विशेष ऑडिट कराने तथा जर्जर पुलियाओं की समय रहते मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को महेंद्रगढ़ रोड पर महावीर चौक से लहरोदा बाईपास के बीच बने अवैध कट हटाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उपायुक्त अनुपमा अंजली, पुलिस अधीक्षक दीपक और आरटीए सचिव मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी माैजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story