नारनौल में रास्ता बंद करने के विरोध में ग्रामीणों ने किया रोड़ जाम
नारनाैल, 06 जनवरी (हि.स.)। नारनौल के नजदीकी गांव बसीरपुर में रास्ता बंद करने के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर नारनौल-निजामपुर मार्ग को जाम कर दिया। जिसके कारण यहां पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और वाहन चालक जाम में फंस गये। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया जिसके बाद जाम को खोल दिया गया। यह रास्ता खेतों और सामान्य आवागमन के लिए मुख्य था।
जानकारी के अनुसार निजामपुर मार्ग पर गांव बसीरपुर में एक निजी बीएड कॉलेज बना हुआ है।
उस कॉलेज के साथ से 11 फुट का रास्ता ग्रामीणों के खेतों में आने-जाने के लिए बना हुआ था। कुछ ग्रामीणों ने उस रास्ते से आगे खेतों में अपने मकान भी बना लिए। जिसके कारण वहां पर लोग रहने भी लग गए। कुछ दिन पहले इस रास्ते को गांव जोरासी के एक व्यक्ति ने पैमाइश करवाकर बंद कर दिया। इस रास्ते पर तार बाड़ लगा दी गई। जिसकी वजह से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी होने लगी। इसी बात से नाराज गांव बसीरपुर के ग्रामीणों ने मंगलवार को नारनौल-निजामपुर मार्ग को जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि यह गांव के लोगों का खेतों में आने-जाने का मुख्य रास्ता है। सभी लोग ट्रैक्टर व अन्य साधन भी अपने खेतों में इसी रास्ते से ले जाते हैं। वहीं दूसरी तरफ लोग भी रहने लग गए। इससे दिन रात यहां से आना जाना हो गया। अब रास्ता बंद होने से लोग परेशान हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे निजामपुर थाना प्रभारी रवि कुमार ने ग्रामीणों को समझाया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि इस बारे में वे प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान कराएंगे। इसके बाद नाराज ग्रामीणों द्वारा जाम खोल दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

