नारनौलःविधायक ने किया सड़क निर्माण का शुभारंभ, 98 लाख से बनेगी दो किमी सड़क

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलःविधायक ने किया सड़क निर्माण का शुभारंभ, 98 लाख से बनेगी दो किमी सड़क


विधायक कंवर सिंह यादव ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

नारनाैल, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले के डेरोली जाट गांव में रविवार को विकास की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। विधायक कंवर सिंह यादव ने नारियल फोड़कर डेरोली जाट से सिहमा तक बनने वाली सड़क का विधिवत शुभारंभ किया।

करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 98 लाख रुपये की लागत आएगी। सड़क की चौड़ाई 12 फुट रखी जाएगी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इस परियोजना का निर्माण हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केटिंग बोर्ड महेंद्रगढ़) द्वारा करवाया जाएगा।

विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैंए जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डेरोली जाट से सिहमा तक बनने वाली यह सड़क न केवल रोजमर्रा के आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति देगी।

ग्रामीणों के लिए यह सड़क एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगीए जिससे गांवों के बीच संपर्क मजबूत होगा और समय की बचत होगी।विधायक ने यह भी कहा कि महेंद्रगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर और बेहतर होगी। उनका लक्ष्य है कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर गांव व शहर को समान रूप से सुविधाएं मिलें। इस मौके पर जेई दाताराम, सरपंच प्रतिनिधि रणवीर, धूप सिंह, रणसिंह प्रजापत, बाबूलाल प्रजापत, कर्मवीर फौजी और चौधरी जय सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story