नारनौल में सड़क हादसे में युवक की मौत, पत्नी-बेटा गंभीर
नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, घायलों को हायर सेंटर रेफर
नारनाैल, 26 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और तीन साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान गांव अकबरपुर रामू निवासी साहिल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, साहिल अपनी पत्नी उषा भारती (25) और तीन वर्षीय बेटे इशान के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव सागा जा रहा था। जब वे नेशनल हाईवे पर बलाहां गांव से आगे राजस्थान सीमा के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उषा भारती और इशान की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन दोनों घायलों को एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि मां-बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

