नारनौलः सड़क हादसे में किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः सड़क हादसे में किसान की मौत


नारनाैल, 19 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल क्षेत्र में अटेली-कनीना रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान गांव गढ़ी रुथल निवासी करीब 56 वर्षीय जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।

मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कुमार बीती शाम अपनी बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राता गांव के नजदीक स्थित एक पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।हादसे के तुरंत बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने मानवता दिखाते हुए घायल को अटेली के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल नागरिक अस्पताल नारनौल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान जितेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story