नारनौलः सड़क हादसे में रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की मौत, बेटा गंभीर

WhatsApp Channel Join Now

पावर हाउस के पास वाहन ने मारी टक्कर, घायल बेटे का निजी अस्पताल में इलाज जारी

नारनाैल, 17 मार्च (हि.स.)। नारनौल में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

मिली जानकारी के अनुसार करीब 64 वर्षीय ओमप्रकाश महेंद्रगढ़ रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड के सामने राम नगर कॉलोनी में रहते थे और एयरफोर्स से सेवानिवृत्त थे। उनका 34 वर्षीय बेटा संदीप गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात संदीप गुरुग्राम से अपने घर नारनौल आया था। बस स्टैंड से बेटे को स्कूटी पर बैठाकर ओमप्रकाश उसे लेकर घर लौट रहे थे। जब वे महेंद्रगढ़ रोड पर पावर हाउस के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं संदीप की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फरार वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story