नारनौल पुलिस ने 27 साल से फरार इनामी आरोपी को दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल पुलिस ने 27 साल से फरार इनामी आरोपी को दबोचा


डकैती मामले में उद्घोषित अपराधी घोषित था धर्मपाल, गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी

नारनाैल, 04 जून (हि.स.)। नारनौल में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डकैती के पुराने मामले में करीब 27 वर्षों से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान धर्मपाल के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस और न्यायालय की कार्रवाई से बचता फिर रहा था।

पुलिस जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपी की लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारण अदालत द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी (पीओ) घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार वर्ष 1999 में थाना शहर नारनौल में डकैती की धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान धर्मपाल का नाम भी आरोपियों में शामिल पाया गया था।

मामला दर्ज होने के बाद से ही वह फरार हो गया और लगातार अपनी पहचान तथा ठिकाने छिपाकर पुलिस गिरफ्त से बचता रहा। जांच अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके अन्य आरोपियों से पूछताछ के दौरान धर्मपाल की भूमिका की पुष्टि हुई थी।

इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना शहर नारनौल की टीम ने विशेष अभियान चलाया और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में गुप्त सूचना प्राप्त हुई।

सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक दीपक ने कहा कि जिले में अपराधियों और भगोड़े आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story