नारनाैल: बिजली कर्मचारियों की हड़ताल में सेवानिवृत्त कर्मी संभालेंगे मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: बिजली कर्मचारियों की हड़ताल में सेवानिवृत्त कर्मी संभालेंगे मोर्चा


नारनाैल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नारनौल में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने गुरुवार को लघु सचिवालय में पुलिस अधीक्षक दीपक और बिजली निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की। बैठक में निर्णय लिया गया कि हड़ताल के दौरान बिजली व्यवस्था संभालने के लिए सेवानिवृत्त बिजली कर्मचारियों और आईटीआई के इलेक्ट्रिकल ट्रेड से पास आउट युवाओं की सेवाएं ली जाएंगी।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हड़ताल के दौरान आमजन को बिजली संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले के सभी बिजली घरों और बिजली ढांचे की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन संभालेगा। किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बिजली घरों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इससे जमीनी स्थिति पर नजर रखी जा सकेगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।

उपायुक्त ने बिजली कर्मचारियों से भी अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों के साथ कुछ कर्तव्य भी जुड़े होते हैं, इसलिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

संपर्क

प्रशासन ने बिजली संबंधी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं। नागरिक लैंडलाइन नंबर 01282-294277 और मोबाइल नंबर 8059888214 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नारनौल सिटी टू के मोबाइल नंबर 8059888005 पर भी बिजली संबंधी समस्या की सूचना दी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764929 Articles

Share this story