नारनाैल: पेंशन पुनर्निर्धारण की मांग काे लेकर रिटायर्ड कर्मचारियों ने दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: पेंशन पुनर्निर्धारण की मांग काे लेकर रिटायर्ड कर्मचारियों ने दिया धरना


नारनाैल, 14 नवंबर (हि.स.)। रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शनिवार को महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर सांकेतिक धरना दिया। पीआर लोहारू रिटायर्ड एम्पलाई एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित धरने में कर्मचारियों ने केंद्र सरकार से पेंशन संबंधी प्रावधानों में बदलाव करने और चिकित्सा भत्ता बढ़ाने की मांग उठाई। धरने के बाद एसोसिएशन की ओर से स्टेशन मास्टर निरंजन को मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन ने ज्ञापन की प्रतियां प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री, मुख्य न्यायाधीश और रेल मंत्री को भी भेजने की बात कही है।

एसोसिएशन के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर हरिकिशन ने बताया कि केंद्र सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें आठवें वेतन आयोग में एक जुलाई 2026 से पहले सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की पेंशन का पुनर्निर्धारण नहीं करने के प्रावधान पर दोबारा विचार करने की मांग शामिल है। एसोसिएशन का कहना है कि सभी पेंशनभोगियों को आठवें वेतन आयोग का लाभ मिलना चाहिए। साथ ही वेतन आयोग की विसंगतियों को समय-समय पर दूर करने और पहले के वेतन आयोगों की तर्ज पर मौजूदा पेंशन का पुनर्निर्धारण किया जाए। दूसरी प्रमुख मांग अतिरिक्त पेंशन की शुरुआत 65 वर्ष की आयु से करने की है। इसके तहत 65 वर्ष पर 5 प्रतिशत, 70 वर्ष पर 10 प्रतिशत, 75 वर्ष पर 15 प्रतिशत, 80 वर्ष पर 20 प्रतिशत, 85 वर्ष पर 30 प्रतिशत, 95 वर्ष पर 50 प्रतिशत और 100 वर्ष की आयु पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने की मांग की गई है।

इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों का फिक्स मेडिकल भत्ता एक हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग उठाई गई।

एसोसिएशन ने बताया कि ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजा जा रहा है। इस अवसर पर जगदीश प्रसाद, महावीर सिंह, इन्द्र सिंह, जेपी यादव, श्रीराम यादव सहित अनेक सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story