नारनौलः अप्रैल और मई माह का राशन एक साथ मिलेगा, वितरण शुरूः सावित्री बाई
गड़बड़ी पर डिपो धारकों पर होगी सख्त कार्रवाई
नारनाैल, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभार्थियों को राहत देते हुए अप्रैल और मई माह का गेहूं एक साथ वितरित करने का निर्णय लिया गया है। राशन कार्डधारक 30 अप्रैल तक अपने दोनों माह का गेहूं नजदीकी राशन डिपो से प्राप्त कर सकते हैं।
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अधिकारी सावित्री बाई ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि सभी पात्र लाभार्थियों को पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन पर अंगूठा लगाकर सत्यापन करना होगा। इसके बाद उन्हें अप्रैल और मई दोनों महीनों का गेहूं निशुल्क प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा, अप्रैल माह के लिए चीनी और सरसों तेल भी निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा। चीनी 13 रुपये 50 पैसे प्रति किलोग्राम प्रति राशन कार्ड की दर से दी जाएगी। वहीं सरसों तेल के लिए दो विकल्प तय किए गए हैं। लाभार्थी एक लीटर तेल 30 रुपये प्रति लीटर की दर से या दो लीटर तेल 50 रुपये प्रति लीटर की दर से प्राप्त कर सकते हैं। इन दोनों विकल्पों में से लाभार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी एक का चयन कर सकते हैं।
अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी डिपो धारक लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम या अधिक राशन वितरित नहीं करेगा। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित डिपो धारक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लाभार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने राशन का उठान सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत होने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि पारदर्शी और सुचारू वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

