नारनौल में होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात


नारनाैल, 25 नवंबर (हि.स.)। नारनौल के गांव कूकसी में मंगलवार देर रात एक होटल पर युवकों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से होटल में जमकर तोड़फोड़ की। बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बोलेरो कैंपर में सवार होकर फरार हो गए। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस और दो चले हुए कारतूसों के खोल बरामद किए हैं।

गांव डेरोली निवासी उदय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव कूकसी में सांवलिया सेठ के नाम से होटल बनाया हुआ है। मंगलवार देर रात वह होटल के ऑफिस में बैठा था, जबकि कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे। इसी दौरान बोलेरो कैंपर में सवार होकर तीन से चार युवक होटल पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलने से होटल में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने इधर-उधर छिपकर अपनी जान बचाई।

इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से होटल के ऑफिस सहित अन्य जगहों पर तोड़फोड़ की। होटल के कई शीशे तोड़ने के बाद बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी निशाना बनाया। वारदात के बाद सभी आरोपी बोलेरो कैंपर में बैठकर फरार हो गए। होटल मालिक ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूस बरामद किए। होटल मालिक ने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दी है।

सदर थाना एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि दो दिन पहले एक शादी समारोह में होटल मालिक का कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में हमला किए जाने की आशंका है। पुलिस फायरिंग के राउंड और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है, मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story