नारनौल में बारिश से खिला मौसम, श्रावण में झूमकर बरसे बदरा

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल में बारिश से खिला मौसम, श्रावण में झूमकर बरसे बदरा


लगातार बारिश से खरीफ फसलों को राहत, किसान खुश

नारनाैल, 04 अगस्त (हि.स.)। कई दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद मंगलवार को नारनौल शहर और आसपास के क्षेत्रों में मानसून ने जोरदार दस्तक दी। श्रावण माह के दौरान हुई इस बारिश ने मौसम को पूरी तरह खुशनुमा बना दिया। सुबह से शुरू हुई बूंदाबांदी दोपहर तक रुक-रुककर जारी रही, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई। हालांकि तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मंगलवार को नारनौल सहित जिले के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। नारनौल, नांगल चौधरी और निजामपुर क्षेत्र में सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया। दोपहर में कुछ देर के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन इसके बाद फिर से बारिश शुरू हो गई। पूरे दिन बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बनाए रखा।

बारिश से खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई वर्षा से बाजरा, कपास, मूंग और अन्य खरीफ फसलों की बढ़वार बेहतर होगी। उन्होंने आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश की उम्मीद जताई है। वहीं दूसरी ओर तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। पुरानी कचहरी, पुरानी सराय, नई सराय, मोहल्ला जमालपुर, रविदास मंदिर मार्ग, पार्क गली सहित कई क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ दिखाई दी। लोगों ने बारिश का आनंद तो लिया, लेकिन नगर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story