नारनौल-रेवाड़ी रूट पर रेल पटरी दोहरीकरण से कई ट्रेनें रद्द

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल-रेवाड़ी रूट पर रेल पटरी दोहरीकरण से कई ट्रेनें रद्द


कई ट्रेनों के मार्ग बदलेंगे, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

नारनाैल, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी रेलखंड पर कुंड, खोरी और पाली स्टेशनों के बीच पैच डबलिंग कार्य के चलते अगस्त और सितंबर में रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। इसका सीधा असर नारनौल, रेवाड़ी, भिवानी, नीमकाथाना सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों पर पड़ेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को बताया कि ट्रेन संख्या 59709 जयपुर-भिवानी और 59710 भिवानी-जयपुर को 12 अगस्त से 24 सितंबर तक रद्द किया गया है। इसी तरह 19620 रेवाड़ी-फुलेरा, 19619 फुलेरा-रेवाड़ी और 19621 फुलेरा-रेवाड़ी ट्रेनें 29 अगस्त से 24 सितंबर तक रद्द रहेंगी।

वहीं 59633 रेवाड़ी-रींगस और 59634 रींगस-रेवाड़ी ट्रेनें 29 अगस्त से 20 सितंबर तक आठ-आठ दिनों के लिए रद्द रहेंगी। ट्रेन संख्या 19622 का 29 अगस्त से 24 सितंबर तक 27 ट्रिप के दौरान खोरी स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 19618 रेवाड़ी-मदार जंक्शन को 29 से 31 अगस्त तथा 1 से 24 सितंबर तक परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। 74041 दिल्ली-रेवाड़ी और 74042 रेवाड़ी-दिल्ली के निर्धारित दिनों में भी मार्ग परिवर्तन रहेगा। इन्हें अलवर-जयपुर होकर संचालित किया जाएगा।

इसके अलावा 15091 दुर्ग-टनकपुर, 19604 गोड्डा-दौराई, 14087 दिल्ली-जैसलमेर, 22452 चंडीगढ़-बांद्रा और 22950 दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा एक्सप्रेस को भी निर्धारित दिनों में रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा मार्ग से चलाया जाएगा।

वहीं 12065/12066 दिल्ली सराय रोहिल्ला-अजमेर शताब्दी और 20473/20474 उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला चेतक सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन नॉन-स्टॉप जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story