रेलवे का बड़ा फैसलाः जयपुर-भिवानी एक्सप्रेस व दिल्ली-रेवाड़ी-रिंगस डेमू अब नियमित

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे का बड़ा फैसलाः जयपुर-भिवानी एक्सप्रेस व दिल्ली-रेवाड़ी-रिंगस डेमू अब नियमित


नारनौल समेत आसपास के हजारों यात्रियों को राहत, दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सुविधा बढ़ी

नारनाैल, 16 मार्च (हि.स.)। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जयपुर-भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस और दिल्ली-रेवाड़ी-रिंगस डेमू ट्रेन को नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस फैसले से नारनौल और आसपास के क्षेत्रों के हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यात्रियों को दिल्ली के लिए एक और सीधी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

दैनिक रेल यात्री संघ के प्रधान गणेश शर्मा ने सोमवार को बताया कि ट्रेन संख्या 09733/09734 जयपुर-भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस को अब नियमित कर दिया गया है। यह ट्रेन जयपुर से भिवानी के लिए नियमित ट्रेन नंबर 59709 के रूप में संचालित होगी, जबकि वापसी में भिवानी से जयपुर के लिए ट्रेन नंबर 59710 के साथ चलेगी। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को स्थायी रूप से ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा।

इसी तरह ट्रेन संख्या 09633/09634 रेवाड़ी-रिंगस डेमू ट्रेन को भी नियमित कर दिया गया है। पहले यह ट्रेन दिल्ली से रेवाड़ी के बीच 74001 और रेवाड़ी से दिल्ली के लिए 74004 नंबर के साथ चलती थी। अब इस ट्रेन का विस्तार रिंगस तक कर दिया गया है। इसके तहत यह ट्रेन दिल्ली से रिंगस के लिए नियमित ट्रेन नंबर 74041 और वापसी में रिंगस से दिल्ली के लिए ट्रेन नंबर 74042 के रूप में संचालित होगी। दैनिक रेल यात्री संघ द्वारा इन दोनों ट्रेनों को नियमित करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए रेलवे प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे गए और यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया गया। संघ के पदाधिकारियों और क्षेत्र के यात्रियों ने इस निर्णय के लिए रेलवे प्रशासन का आभार जताया है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के यात्रियों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी बचेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story